चर्चित टेंडर घोटाले मामले में मोतिहारी का विपुल वैभव ईडी कार्यालय पहुंचा, पूछताछ जारी
मोतिहारी। बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले में मुख्य आरोपी ठेकेदार रिशु श्री के करीबी एवं सहयोगी विपुल वैभव बुधवार को ईडी कार्यालय पहुंचा। यहां बता दें कि पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर निवासी विपुल वैभव को ईडी ने पूर्व में दो समन भेजा था, बावजूद पूछताछ के लिए पेश नहीं हुआ था। हालांकि तीसरे समन के बाद वह अधिकारियों के सामने हाजिर हुआ है।
ईडी की टीम उससे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि विपुल अपने बचाव में कुछ दस्तावेज भी लेकर पहुंचा है। जांच एजेंसी के मुताबिक, रिशु श्री ने पूछताछ के दौरान विपुल वैभव का नाम लिया था। आरोप है कि विपुल टेंडर हासिल करने और अधिकारियों से संपर्क साधने में उसकी मदद करता था। ईडी अब विपुल से टेंडर प्रक्रिया और अधिकारियों के साथ उसके संबंधों को लेकर सवाल कर रही है।
उल्लेखनीय है,कि विपुल वैभव पूर्वी चंपारण के रक्सौल अनुमंडल के आदापुर का रहने वाला है। उसके पिता रेलवे में क्लर्क थे। बताया जाता है कि विपुल पहले छोटे-मोटे सीरियल में अभिनय करता था। बाद में रिशु श्री के कार्यालय में काम करने लगा।आरोपों के मुताबिक, इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति तेजी से बदली। मोतिहारी में उसके आलीशान मकान की कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, इसकी अधिकारिक पुष्टि नही हो पाई है।
यहां बता दे कि टेंडर घोटाले मामले में ईडी अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें मुख्य आरोपी रिशु श्री भी शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी 28 मई 2026 को हुई थी। इसके अलावा वित्त विभाग के पूर्व संयुक्त सचिव मुमुक्षु चौधरी और भवन निर्माण विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता तारिणी दास भी गिरफ्तार किए गए हैं। जबकि नगर विकास विभाग के पूर्व कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह शामिल है।
वही 18 नवंबर 2026 को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर से भी ईडी ने करीब छह घंटे पूछताछ की थी। इस मामले संतोष कुमार मल्ल, धर्मेंद्र कुमार, योगेश कुमार सागर, अभिलाषा कुमारी शर्मा और सुनील यादव के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।
टेंडर घोटाले में ठेकेदार के खर्च पर विदेश यात्रा और टेंडर प्रभावित करने के आरोप के बाद आईएएस अधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा और योगेश कुमार सागर को निलंबित किए जा चुके है। जबकि एसवीयू ने सात आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की है।

