बेतिया सेनको ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को मिली सफलता,वैशाली से तीन आरोपित गिरफ्तार
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेनको ज्वेलर्स से करोड़ों के आभूषण लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने छह दिनो बाद तकनीकी अनुसंधान के सहारे अपराधियों तक पहुंचने में कामयाब रही।पुलिस ने वैशाली जिले से तीन ऐसे आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनकी भूमिका लूट की साजिश रचने, अपराधियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने और लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने में रही है। पुलिस ने गिरोह के 11 अन्य आरोपितों की भी पहचान कर ली है। अब उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितो में वैशाली जिले के महीसौर थाना क्षेत्र निवासी सूरज कुमार सहनी ने वारदात की साजिश रचने के साथ इसमें शामिल सहयोगियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। वहीं, महनार थाना क्षेत्र के हसनपुर जुनैद निवासी रौशन कुमार अपराध की योजना बनाने और लूट से अर्जित संपत्ति को खपाने में शामिल था। जबकि बिदुपुर थाना क्षेत्र के मझौली निवासी कुंदन कुमार लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने की योजना में शामिल रहा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की स्वीकारोक्ति, तकनीकी जांच और मानवीय आसूचना के आधार पर पुलिस पूरे गिरोह तक पहुंचने में सफल रही है। तीनों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उन 11 अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है, जिनकी संलिप्तता इस लूटकांड में सामने आई है।
उल्लेखनीय है,कि बीते 18 नवंबर को शहर के सुप्रिया रोड स्थित सेनको ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही चंपारण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक हरकिशोर राय, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम और एसडीपीओ सदर-1 अजीत कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।डाॅग स्क्वायड व एफएसएल की टीम भी पहुंची और मौके साक्ष्य एकत्रित कर अनुसंधान शुरू की।
तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस को यह सफलता मिली।पुलिस अब इस घटना में शामिल अन्य आरोपितो को गिरफ्तार कर लूटे गए ज्वेलरी को रिकवर करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

