मशाल-2026 पंजीकरण अभियान में पूर्वी चम्पारण को बिहार में प्रथम स्थान

मशाल-2026 पंजीकरण अभियान में पूर्वी चम्पारण को बिहार में प्रथम स्थान
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। बिहार में विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान, बच्चों की शारीरिक फिटनेस का आकलन एवं खेल के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से संचालित मशाल खेल प्रतियोगिता-2026 के पंजीकरण अभियान में पूर्वी चम्पारण ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

इस सफलता में जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रफुल्ल कुमार मिश्रा तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा कुमार अभिजीत के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निर्देशन में गठित मशाल खेल कोषांग के सदस्यों ने लगातार मॉनिटरिंग, विद्यालयों से समन्वय, पंजीकरण की समीक्षा तथा संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानों से संपर्क कर अभियान को गति प्रदान की।

मशाल खेल कोषांग के सक्रिय सदस्यों में अरविंद कुमार, सुनील कुमार, अमित कश्यप, विपुल आनंद, भानु प्रकाश, रवि कुमार सिंह एवं अंसु यादव ने निरंतर प्रयास किया। वहीं शकील अहमद, संभाग प्रभारी, के सहयोग एवं समन्वय से पंजीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।

टीम के सामूहिक प्रयास, अधिकारियों के मार्गदर्शन और विद्यालयों के सहयोग से पूर्वी चम्पारण ने मशाल-2026 पंजीकरण अभियान में बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिले की इस उपलब्धि के बावजूद कुछ विद्यालयों की पंजीकरण स्थिति अभी भी अत्यंत चिंताजनक है। कई विद्यालयों द्वारा अपने कुल नामांकित बच्चों में से 50 प्रतिशत विद्यार्थियों का भी मशाल पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया गया है। ऐसे विद्यालयों के कारण जिले के समग्र पंजीकरण प्रतिशत एवं उपलब्धि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

पिछले लगभग दो महीने से मशाल खेल कोषांग के सदस्यों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी के स्तर से लगातार निर्देश, समीक्षा एवं मॉनिटरिंग किए जाने के बावजूद कुछ विद्यालयों में पंजीकरण कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को अपने विद्यालय में पंजीकरण की स्थिति सम्मानजनक स्तर तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक एवं समग्र शिक्षा, कुमार अभिजीत ने ऐसे सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि वे दिनांक 26 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक वर्ग शिक्षक के माध्यम से विद्यार्थियों का मशाल पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा पंजीकरण कार्य में तेजी लाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मशाल-2026 केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यालय में नामांकित सभी बच्चों की शारीरिक फिटनेस एवं खेल प्रतिभा पहचान का महत्वपूर्ण अभियान है। इसलिए प्रत्येक विद्यालय की जिम्मेदारी है कि सभी विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से कार्य करें।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page