मुंशी सिंह महाविद्यालय, में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन
मोतिहारी। मुंशी सिंह महाविद्यालय में मेरा भारत, पूर्वी चम्पारण एवं महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की थीम “खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ” रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के सीधे प्रसारण से हुआ। प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत युवाओं के साथ खेल, फिटनेस, खेल अवसंरचना, प्रतिभा विकास, 2036 ओलंपिक की तैयारियों, युवा नेतृत्व तथा ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया गया।
कार्यक्रम में थांग-ता कोच एवं पूर्वी चम्पारण के सेक्रेटरी अशफाक अहमद के साथ स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सिमरा खान एवं मो. साजिद सिद्दीकी की विशेष उपस्थिति रही। सिमरा खान ने 31वीं नेशनल थांग-ता (मार्शल आर्ट) सब-जूनियर चैंपियनशिप, गोवा (2025-26) में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है, जबकि मो. साजिद सिद्दीकी ने 31वीं नेशनल थांग-ता जूनियर चैंपियनशिप, असम (2025-26) में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
संवाद के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों एवं युवाओं ने खेलों को बढ़ावा देने, ग्रामीण एवं महाविद्यालय स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने तथा युवाओं की राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी से संबंधित अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
प्रतिभागियों ने खेल को केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम न मानकर अनुशासन, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम. एन. हक़, एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती, डॉ. विदुषी दीक्षित, डॉ. आलोक कुमार पाण्डेय, डॉ. कौसर नाज़, डॉ. रुपेश कुमार, डॉ. नितेश कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, मेरा भारत एवं एन.एस.एस. के स्वयंसेवक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़ने तथा विभिन्न युवा एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ की शपथ एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

