मोतिहारी में 1 से 3 सितंबर तक लगेगा कृषि, पशुपालन एवं मत्स्यकी उद्यमी मेला

मोतिहारी में 1 से 3 सितंबर तक लगेगा कृषि, पशुपालन एवं मत्स्यकी उद्यमी मेला
Facebook WhatsApp

– मुख्यमंत्री करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन 

 मोतिहारी। आगामी 1, 2 एवं 3 सितंबर 2026 को मोतिहारी के राजाबाजार स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय “कृषि, पशुपालन एवं मत्स्यकी उद्यमी उन्नति मेला” की तैयारियों को लेकर रविवार को मोतिहारी सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सांसद  राधामोहन सिंह की उपस्थिति में कृषि, पशुपालन, मत्स्यकी, उद्यान एवं संबंधित क्षेत्रों के वैज्ञानिकों तथा विभागीय अधिकारियों का उपस्थिति रही। उक्त अवसर पर  डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. आर.के. झा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय, पिपराकोठी के डीन डॉ. कुंदन किशोर, मोतिहारी के डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, कृषि विज्ञान केंद्र पीपराकोठी के प्रमुख अरविंद कुमार सहित विभिन्न एफपीओ के अध्यक्ष तथा कृषि, पशुपालन एवं मत्स्यकी क्षेत्र से जुड़े वैज्ञानिक एवं अधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर बताया गया कि इस बार आयोजित होने वाला मेला किसानों, पशुपालकों, मत्स्यपालकों, उद्यमियों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रभावी होगा। मेले में आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि आधारित उद्यम, पशुपालन, डेयरी, मत्स्यपालन, बागवानी एवं मधुमक्खी पालन से संबंधित जानकारी और संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा होगी।

वहीं मेले के पहले दिन 1 सितंबर को “किसान समृद्धि सम्मेलन” आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। मुख्यमंत्री गांधी मैदान में आयोजित ‘मोतिहारी महोत्सव’ के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सुबह 11:30 बजे किसान समृद्धि सम्मेलन में पहुंचकर इसका उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद राधामोहन सिंह मौजूद रहेंगे। 

2 सितंबर को “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन करेंगे। कार्यक्रम में सांसद  राधामोहन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में कृषि एवं विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय एवं उत्पादकता बढ़ाने पर चर्चा होगी।

3 सितंबर को पशुपालक, मत्स्यपालक, बागवानी एवं मधुमक्खी पालन सम्मेलन मेले के तीसरे दिन 3 सितंबर को पशुपालक, मत्स्यपालक, बागवानी एवं मधुमक्खी पालन सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मिनेश शाह तथा डेयरी, मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक सहित क्षेत्र के विशेषज्ञ एवं अधिकारी शामिल होंगे। यह तीन दिवसीय भव्य मेला कृषि विज्ञान केंद्र, पिपराकोठी के द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पूर्वी चंपारण जिले के सभी 16 प्रखंडों की भागीदारी होगी।

आयोजन का उद्देश्य किसानों एवं कृषि आधारित उद्यमियों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जानकारी, बाजार, सरकारी योजनाओं तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। बैठक में सांसद राधामोहन सिंह ने मेले को अधिक से अधिक किसानों एवं ग्रामीण उद्यमियों तक पहुंचाने तथा इसे सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page