लोजपा विधायक के आवास पर छापेमारी,अवैध हथियार समेत दो गिरफ्तार

लोजपा विधायक के आवास पर छापेमारी,अवैध हथियार समेत दो गिरफ्तार
Facebook WhatsApp


मुजफ्फरपुर। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के सीतामढ़ी जिले के बेलसंड से विधायक अमित कुमार रानू के घर रविवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की। विधायक के भाई सोनू सिंह पर जमीन को लेकर दबंगई करने का केस दर्ज है।

जमीन विवाद और बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। अमित कुमार रानू बेलसंड विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक हैं। इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारी जमीन, संपत्ति और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच-पड़ताल कर रहे हैं। बिहार में मुजफ्फरपुर सरस्वती नगर स्थित आवास में मौजूद जमीन से जुड़े कागजातों को खंगाला जा रहा है और उनकी वैधता की जांच की जा रही है। मौके पर डीएसपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस कोर्ट से वारंट सर्च वारंट हासिल किया उसके बाद उनके आवास पर छापेमारी कर कागजातों को खंगाल गया है।

जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त को अहियापुर थाना क्षेत्र में एक विवादित जमीन को लेकर बाउंड्री तोड़े जाने की घटना हुई थी। आरोप है कि विधायक के भाई सोनू सिंह करीब 20 वाहनों के काफिले के साथ मौके पर पहुंचे थे। कुछ वाहनों पर लोजपा रामविलास का झंडा भी लगा हुआ था। पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सोनू सिंह कुछ अज्ञात युवकों के साथ पार्टी का झंडा लगी गाड़ी से मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से जमीन की बाउंड्री तथा आसपास के कुछ निर्माणों को क्षतिग्रस्त किया गया।

घटना का वीडियो भी पीड़ित पक्ष द्वारा बनाए जाने की बात कही जा रही है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में अन्य लोगों को भी नामजद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सोनू सिंह के खिलाफ जमीन विवाद और रंगदारी समेत करीब 13 मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस उनकी तलाश में भी विधायक आवास पहुंची है। लिखित शिकायत और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने कोर्ट से सर्च वारंट प्राप्त किया। इसी वारंट के तहत रविवार सुबह पुलिस टीम विधायक के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।

जमीन विवाद मामले में पुलिस विधायक के भाई समेत अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना से जुड़े वीडियो, शिकायत, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, विधायक अमित कुमार रानू ने बताया कि पुलिस सर्च वारंट लेकर घर पर छापेमारी करने पहुंची थी। विधायक ने कहा कि छापेमारी के दौरान पुलिस को पूरा सहयोग किया।उनके मुताबिक, पुलिस को कुछ नहीं मिला और टीम बेरंग लौट गई।

वहीं, पुलिस का कहना है कि छापेमारी के दौरान विधायक के सीतामढी आवास से अवैध हथियार के साथ दो अपराधी को गिरफ्तार किया गया है,पकड़े गए दोनो अपराधियो का अपराधिक इतिहास है। पूरे मामले की जांच की जा रही है,जांच पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों और आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page