बिहार के पश्चिम चंपारण में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, पांच की मौत

बिहार के पश्चिम चंपारण में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, पांच की मौत
Facebook WhatsApp

पश्चिम चंपारण। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया।

हादसे में मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। बताया गया है कि देवेंद्र दुबे के बेटे की छठी का कार्यक्रम था और इसी मौके पर ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, यात्री बस गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही थी। बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर से बचने के प्रयास में बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर लौरिया थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से बेतिया स्थित जीएमसीएच भेजा गया। वहां घायलों का इलाज चल रहा है। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बताया गया कि हादसे के समय बस में करीब 15 यात्री सवार थे। भीड़ ने सभी यात्रियों को बस से नीचे उतार दिया और इसके बाद वाहन में तोड़फोड़ की।

लोगों ने ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में लगी कुर्सियों और स्पीकर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरातफरी की स्थिति बन गई।

हंगामे की सूचना मिलने पर नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जयप्रकाश सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बस में सवार यात्रियों को वहां से सुरक्षित निकलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक से टक्कर से बचने के दौरान बस के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। पुलिस दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

लौरिया थाना क्षेत्र में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज की व्यवस्था करने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page