अंतरराज्यीय पहलवानों ने दिखाए दमखम, दांव-पेंच से रोमांचित हुए दर्शक
हरसिद्धि। हरसिद्धि स्कूल प्रांगण में आयोजित महावीरी झंडा मेले में अंतरराज्यीय कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। करीब 50 वर्षों से आयोजित हो रहे इस मेले की परंपरा संस्थापक अध्यक्ष स्व. राजाराम प्रसाद के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इस वर्ष भी कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दमखम और शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ स्थानीय विधायक कृष्णनंदन पासवान एवं भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। इसके बाद अखाड़े में उतरे पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए विभिन्न दांव-पेंच आजमाए। अंतरराज्यीय पहलवानों के मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पुत्र कुंदन पासवान, हरसिद्धि मंडल अध्यक्ष निकेश सिंह, भाजपा नेता मारकंडे कुशवाहा, दीपक शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका रजनीश कुमार ने निभाई।
मेले के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय राजाराम प्रसाद के पुत्र एवं मुखिया प्रतिनिधि अशोक कुमार की आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने पहलवानों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महावीरी झंडा मेला और कुश्ती प्रतियोगिता हरसिद्धि की पुरानी परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है। मौके पर संतु गिरी, मुकेश दास, पूर्व उप प्रमुख विजय कुशवाहा , कृष्ण कुमार, मनोज कुमार, विजय सिंह, रमेश गिरी, शर्मा गिरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

