ग्रीन लिक्विड अमोनिया के प्रयोग के लिए बिहार के सात जिले चयनित,पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा से होगी शुरुआत
-गेहूं की फसल में यूरिया के विकल्प के रूप में नई तकनीक का वैज्ञानिकों ने किया प्रदर्शन
-प्रयोग से पहले मिट्टी का सैंपल भेजा जाएगा भोपाल, वैज्ञानिक करेंगे अध्ययन
-कम लागत से अच्छे पैदावार होने के आसार
कोटवा। प्रखंड क्षेत्र के कल्याणवृत वृत्त गांव में मंगलवार को रबी फसल में नाइट्रोजन प्रबंधन की आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर किसानों को इसकी उपयोगिता से अवगत कराया गया। बिहार में पहली बार सात जिलों में ग्रीन लिक्विड अमोनिया (तरल अमोनिया) के प्रयोग की पहल की गई है।
इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण जिले में कोटवा प्रखंड से इसकी शुरुआत की गई। इस दौरान गेहूं की फसल में पारंपरिक यूरिया के विकल्प के रूप में ग्रीन लिक्विड अमोनिया का प्रयोग कर प्रदर्शन किया गया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के पायलट प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ना और कम लागत में बेहतर उत्पादन के विकल्पों की जानकारी देना है।
इस तकनीक के प्रयोग और उसके प्रभाव का वैज्ञानिक आकलन करने के लिए सबसे पहले खेतों से मिट्टी के सैंपल एकत्र किए जाएंगे। इन सैंपलों को प्रशिक्षण एवं वैज्ञानिक अध्ययन के लिए भोपाल भेजा जाएगा। इसके बाद मिट्टी की स्थिति और फसल पर तकनीक के प्रभाव का अध्ययन किया जाएगा। कार्यक्रम में विशेष मशीन के माध्यम से खेत में ग्रीन लिक्विड अमोनिया के प्रयोग का प्रदर्शन किया गया।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, तरल अमोनिया में लगभग 82 प्रतिशत नाइट्रोजन होती है, जबकि यूरिया में इसकी मात्रा करीब 46 प्रतिशत होती है। इस तकनीक से नाइट्रोजन प्रबंधन की दक्षता बढ़ाने और पोषक तत्वों के नुकसान को कम करने की संभावनाओं का आंकलन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में आईसीएआर-एमजीआईएफआरआई पिपराकोठी के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह, आईसीएआर-आरसीईआर पटना के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र पिपराकोठी के वरीय वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार सिंह, आईसीएआर-आरसीईआर पटना के वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक कुमार तथा कोटवा के बीटीएम रविश कुमार ने भाग लिया।
वैज्ञानिकों ने किसानों को तरल अमोनिया के उपयोग, नाइट्रोजन प्रबंधन की तकनीक और इसके संभावित लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक पद्धति और आधुनिक तकनीक अपनाने से उर्वरकों की उपयोग दक्षता बढ़ाने तथा खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है। इस पायलट प्रदर्शन के परिणामों के आधार पर आगे इसकी उपयोगिता का आकलन किया जाएगा।

