संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती पर निकली कलश यात्रा, समरसता का दिया संदेश
कोटवा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650 वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को प्रखंड में श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा की शुरुआत प्रखंड कार्यालय परिसर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
श्रद्धालु माथे पर कलश धारण कर कोटवा बाजार तक पहुंचे और संत रविदास के विचारों एवं उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।कलश यात्रा के दौरान लोगों ने संत रविदास के जयकारे लगाए और सामाजिक समरसता, भाईचारा तथा समानता का संदेश दिया।कार्यक्रम के माध्यम से समाज में संत रविदास की वाणी और उनके विचारों के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चिरंजीवी पाण्डेय, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आनंद मोहन बिहारी, विनय सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष अमित कुमार बिनोद, राजेश्वर राय, शशिरंजन सहनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

