छठ महापर्व के बाद बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर उमड़ा प्रवासियों का सैलाब
-सप्तक्रांति एक्सप्रेस चढने को लेकर मची अफरातफरी
मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ के संपन्न होते ही अब परदेस लौटने वाले प्रवासियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। इसका सीधा नजारा बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेन सप्तक्रांति एक्सप्रेस के पहुंचते ही यात्रियों के बीच ट्रेन में सवार होने के लिए भारी होड़ मच गई।
ट्रेन के डिब्बों और दरवाजों पर यात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा। कोई खिड़की के रास्ते अपना सामान अंदर पहुंचाने की जद्दोजहद कर रहा था, तो कोई भीषण धक्का-मुक्की के बीच किसी तरह ट्रेन के अंदर घुसने के लिए संघर्ष करता नजर आया।
बापूधाम स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी दिल्ली और अन्य प्रदेशों को जाने वाली सप्तक्रांति सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों में 30 नवंबर तक एक भी बर्थ खाली नहीं है।छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मुंबई और देश के अन्य राज्यों में निजी या सरकारी नौकरी करने वाले हजारों प्रवासी अपने घर मोतिहारी लौटे थे।
अब महापर्व समाप्त होने के बाद सभी को वापस अपने काम और कार्यस्थलों पर लौटने की जल्दी है।इसी कारण सप्तक्रांति एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में यात्रियों का अप्रत्याशित दबाव बढ़ गया है।किसी यात्री के कंधे पर भारी-भरकम बैग टंगे हैं, तो कोई पूरे परिवार और छोटे बच्चों के साथ इस कठिन सफर पर निकला है।ट्रेन के दरवाजों पर इतनी भारी भीड़ जमा थी कि यात्रियों को अंदर प्रवेश करने के लिए पसीने छूट गए।
सामान्य और आरक्षित दोनों ही कोचों में पैर रखने की जगह नहीं बची थी।रेलवे अधिकारियों और सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बापूधाम मोतिहारी स्टेशन से गुजरने वाली लंबी दूरी की सभी एक्सप्रेस ट्रेनों में आरक्षण का यह हाल है कि आगामी 30 नवंबर तक किसी भी श्रेणी में कंफर्म बर्थ उपलब्ध नहीं है। वेटिंग लिस्ट भी लंबी होती जा रही है, जिसके कारण यात्रियों की चिंताएं और अधिक बढ़ गई हैं।
तत्काल टिकट के लिए भी सुबह से ही रेलवे काउंटर पर लंबी लाइनें लग रही हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को ही इसका लाभ मिल पा रहा है। नतीजतन, यात्रियों को मजबूरी में जनरल बोगियों की भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है।सप्तक्रांति एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के जनरल कोचों में जगह पाने के लिए यात्रियों के बीच सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्टेशन परिसर यात्रियों की चीख-पुकार, ट्रेन छूटने की हड़बड़ी और बच्चों के रोने की आवाजो से गूंजता रहा। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवान लगातार मुस्तैद रहकर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास करते दिखे, लेकिन प्रवासियों के भारी सैलाब के आगे व्यवस्था भी बौनी साबित होती नजर आई.प्रशासन द्वारा यात्रियों से संयम बरतने की अपील की जा रही है।

