छठ  व श्मशान घाट के जमीन पर पंचायत सरकार भवन निर्माण के विरोध में सरपंच का अनिश्चितकालीन अनशन 

छठ  व श्मशान घाट के जमीन पर पंचायत सरकार भवन निर्माण के विरोध में सरपंच का अनिश्चितकालीन अनशन 
Facebook WhatsApp

तुरकौलिया। छठ घाट और श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य का ग्रामीण विरोध कर रहे है। फलस्वरूप निर्माण स्थल बदलने की मांग को लेकर जयसिंहपुर पूर्वी पंचायत के सरपंच बृजकिशोर कुमार प्रखंड परिसर में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं। उनके समर्थन में कई ग्रामीण भी धरने पर बैठे हैं।

अनशनकारियों का कहना है कि वार्ड संख्या 11 में जिस जगह पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है, वहां वर्षों से छठ घाट है। इसी घाट पर ग्रामीण छठ महापर्व के दौरान पूजा-अर्चना करते हैं। साथ ही यह स्थल गांव का श्मशान घाट भी है, जहां ग्रामीणों का अंतिम संस्कार किया जाता है। ऐसे में इस जमीन पर सरकारी भवन का निर्माण होने से धार्मिक आस्था के साथ अंतिम संस्कार की परंपरा भी प्रभावित होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में पंचायत सरकार भवन बनाने के लिए अन्य स्थानों पर भी पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। बावजूद इसके छठ घाट और श्मशान की जमीन का चयन किया गया है। इसी के विरोध में सरपंच ने निर्माण स्थल बदलने की मांग उठाई है।

सरपंच पहले जिला पंचायती राज पदाधिकारी को आवेदन देकर आपत्ति जताए थे। सुनवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी से शिकायत की। इसके बाद डीएम ने सीओ प्रभात कुमार, बीडीओ संतोष राज और बीपीआरओ की तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराई। टीम ने विवादित स्थल का निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। हालांकि, अबतक इस मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं होने से सरपंच ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया है।

सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने स्थल की जांच कर रिपोर्ट सौंप दी है। अब आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी के स्तर से होनी है। अनशन में नरेश राय उर्फ कोदई यादव, सरोज कुमार, हरदेव राय, नंदलाल सहनी, सलेन्द्र यादव, रंजीत यादव, राजेश यादव, विनय यादव, पवन कुमार राम, वीरचंद यादव, छठु बैठा, कन्हाई यादव, नंदू यादव और कैलाश महतो सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page