मजुराहां श्मशान घाट की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश पर प्रशासन सख्त, मिट्टी भराई पर लगाई रोक
– बेरुआ घाट के पास सरकारी जमीन से हटाया जायेगा अतिक्रमणः अंचल अधिकारी
मोतिहारी। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मजुराहा बेरुआ घाट स्थित श्मशान घाट की सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे कथित अवैध कब्जे के प्रयास पर प्रशासन ने तत्काल रोक लगा दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी प्रभात कुमार ने हल्का कर्मचारी को मौके पर भेजकर स्थल की जांच कराई।
जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित स्थल पर पर्याप्त गैर-मजरुआ भूमि उपलब्ध है। साथ ही यह भी सामने आया कि उक्त भूमि पर वर्तमान में अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था, जबकि कुछ हिस्सों पर पहले से भी लोगों द्वारा कब्जा किया जा चुका है। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि श्मशान घाट की जमीन पर मिट्टी भराई का कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में अतिक्रमण वाद दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि मजुराहा वार्ड संख्या 32 के ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन सौंपा था। ग्रामीणों में जगरनाथ राय, हरिहर महतो, सुनर महतो, हरीशचरण यादव, सियाराम यादव, रामू सिंह, संजय सिंह समेत दर्जनों लोगों ने श्मशान घाट की भूमि को भू-माफियाओं के कब्जे से बचाने और तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। फलस्वरूप ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने मौके पर जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

