उज्जैन लोहियार के पैक्स अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, दो दर्जन से अधिक लोग नामजद
-हरवे -हथियार से लैस होकर घर पर किया हमला
-घर से भाग कर पैक्स अध्यक्ष एवं छोटे भाई हमने बचाई जान
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के उज्जैनलोहियार गांव में पैक्स अध्यक्ष शिवाकांत पाण्डेय पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पैक्स अध्यक्ष ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर दो दर्जन से अधिक लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आवेदन में शिवाकांत पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि उनके घर पर दर्जनों लोग लाठी-डंडा, तलवार सहित अन्य घातक हथियारों से लैस होकर पहुंचे और हमला कर दिया। उनका आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से तलवार से गर्दन पर वार करने का प्रयास किया। हालांकि, उसी दौरान उनके छोटे भाई रमाकांत पाण्डेय मौके पर पहुंच गए और तलवार के वार को विफल कर दिया, जिससे उनकी जान बच गई।
पीड़ित के अनुसार, इसके बाद दोनों भाई किसी तरह भागकर घर के अंदर पहुंचे और दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के एकत्र होने पर सभी गाली-गलौज करते हुए वहां से फरार हो गए।
शिवाकांत पाण्डेय ने अपने आवेदन में मोती मांझी, सुनीता देवी, दिनेश मांझी, गीता देवी, गोपाल मांझी, जानकी देवी सहित दो दर्जन से अधिक लोगों को नामजद किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोग उनकी जमीन पर खेती करने से रंगदारी के बल पर रोक रहे हैं।
इस विवाद को लेकर पूर्व में भी उन्होंने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

