हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली भव्य जलयात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
-गायघाट देवी स्थान के समीप बना है भव्य हनुमान मंदिर
-जलयात्रा मे 501 कुंवारी कन्याओ ने लिया भाग
वैदिक मंत्रोचारण से गूंज उठा था सड़क मार्ग
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के गायघाट देवी माई स्थान के समीप नव निर्मित हनुमान मंदिर में सोमवार को भगवान हनुमान की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य जलयात्रा निकाली गई। जलयात्रा में बड़ी संख्या में कुंवारी कन्याओं के साथ सैकड़ों श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल रहा और जय श्रीराम व बजरंगबली के जयघोष से वातावरण गुंजायमान था।
जलयात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर उज्जैन लोहियार, गायघाट बाजार और चौक होते हुए धनवती नदी पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के अनुसार कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु जल लेकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान हनुमान की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।
बताया गया कि उज्जैन लोहियार निवासी सामाजिक कार्यकर्ता ठग साहनी एवं रूपकली देवी के सहयोग से इस भव्य हनुमान मंदिर का निर्माण कराया गया है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण और धार्मिक आयोजन के लिए उनके योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। इस धार्मिक आयोजन में पारस साहनी, द्रौपती देवी, मुखिया प्रतिनिधि संतोष सिंह, वीरा यादव, महेंद्र साहनी, राजन गुप्ता, अनमोल गुप्ता, रोहित सिंह, दीपू सिंह, दिलीप पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

