नागपंचमी पर निकला भव्य महावीरी झंडा जुलूस
-लालपरसा व छपवा में हुआ अखाड़ों का मिलान
सुगौली। नागपंचमी पर्व के अवसर पर सोमवार को प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से महावीरी झंडा जुलूस रविवार की रात से सोमवार दिन तक भव्य रूप से निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में खिलाड़ी व ग्रामीण शामिल हुए।
पारंपरिक उत्साह और धार्मिक आस्था के बीच निकले जुलूस से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा। विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने अपनी कला व पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।फुलवरिया, छपवा,श्रीपुर,उतरीं एवं दक्षिणी, भटहां,भटवलिया, कैथवलिया, सुकुल पाकड़, छपरा बहास, बगही, पजिआरवा सहित प्रखंड के कई पंचायतों से महावीरी झंडा के अखाड़े निकाले गए।
जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए लालपरसा चौक और छपवा पहुंचे। इन दोनों स्थानों पर विभिन्न अखाड़ों के एकत्र होने और मिलान को लेकर विशेष चहल-पहल रही। जुलूस को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। लालपरसा चौक और छपवा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुलूस के पहुंचने के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
कई स्थानों पर पुलिस के जवान मुस्तैदी से ड्यूटी करते नजर आए। विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए अंचलाधिकारी को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था। वहीं, थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह और पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार विभिन्न अखाड़ों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखे।

