वंदे मातरम” की जयघोष के साथ जिलेभर में निकाली गई तिरंगा यात्रा
-तिरंगा यात्रा राष्ट्रवाद की भावना को जागृत करेगीः जिलाधिकारी
मोतिहारी। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार और कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के आदेश पर हर घर तिरंगा अभियान 2026 अंतर्गत जिले भर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसी कड़ी में जिला प्रशासन के सौजन्य से समाज के सभी वर्ग के लोगों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
जिसमें पदाधिकारी, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, चिकित्सक, संस्कृति कर्मी ,व्यवसाई, शिक्षाकर्मी, खिलाड़ी, समाहरणालय कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। इसके पूर्व समाहरणालय परिसर पहले राष्ट्र गीत वंदे मातरम् तपश्चात राष्ट्रगान जन गण मन गाया गया।
इस अवसर पर समाहरणालय परिसर में वंदे मातरम की परिकल्पना आधारित भव्य रंगोली भी बनाई गई थी, जो आकर्षण का केंद्र बनी।
तिरंगा यात्रा प्रारंभ के पूर्व जिलाधिकारी ने अपार जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा का आयोजन आज वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में किया जा रहा है। आप सभी जानते हैं कि वंदे मातरम को भारत सरकार ने राष्ट्रगीत के रूप में स्वीकृत दी है। वंदे मातरम की रचना महान कवि और रचनाकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के द्वारा 1875 में की गई थी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के द्वारा वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से देश के सभी जिलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन कराया जा रहा है।
इसी कड़ी में जिला प्रशासन के द्वारा इस यात्रा को आयोजित किया गया है। खुशी की बात है कि इसमें समाज के सभी वर्गों का संपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रवाद की भावना से ओत-प्रोत व्यापक जन सहभागिता सुनिश्चित करनी भी है। तिरंगा यात्रा समाहरणालय से निकलकर मुख्य पथ होते हुए कचहरी चौक, राजा बाजार, बलुआ
फ्लाईओवर से होते हुए सदर अस्पताल,रेड क्रॉस, टाउन थाना से होते हुए गांधी संग्रहालय तक गई, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के समापन से पूर्व यात्रा में भाग लेने वाले सभी गणमान्य लोगों ने महात्मा गांधी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

