मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट, स्थिति नियंत्रण में
मुख्य आरोपी बेतिया से गिरफ्तार
मोतिहारी। छतौनी थाना क्षेत्र के बंगाली कालोनी में साइकिल से ठोकर लगने के मामुली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इस बीच उक्त विवाद की वजह से दो पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई । जिसमें एक पक्ष के 4 – 5 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को बेतिया के बानु छापर से गिरफ्तार किया है । एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया है कि गिरफ्तार व्यक्ति की वजह से ही बवाल खड़ा हुआ। वही उसके दो सहयोगी को पुलिस तलाश रही है। बताया गया है कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक साइकिल से एक व्यक्ति को ठोकर लग गई, जिसको लेकर दो तीन लोग साइकिल वाले के साथ मारपीट करने लगे।
इसे देखकर स्थानीय प्रदीप शर्मा नामक शख्स ने पिटाई करने वाले लोगों को रोकना चाहा, तभी दूसरे तरफ के कई लोग पहुंचे और उग्र हो गए और उसके साथ भी मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसडीएम सदर अरुण कुमार और डीएसपी 1 सदर दिलीप कुमार सहित कई थानों की पुलिस और भारी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
इसके साथ ही आरोपितों के विरुद्ध छापेमारी शुरू की गई। इस दौरान मुख्य आरोपी सहित अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। एसडीएम और डीएसपी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, मौके पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती की गई है। इस घटना के दोषी हरहाल में गिरफ्तार किए जायेंगे।

