सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत, चचेरा भाई जख्मी
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के कवलपुर चौक के समीप शनिवार की देर रात मे बाइक दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान बिजुलपुर के सहयोग राम के रूप में हुई है। वहीं, जख्मी उपेंद्र राम बताया गया है।दोनों आपस में चचेरे भाई हैं।
जानकारी के अनुसार, सहयोग राम की पत्नी का इलाज मोतिहारी में चल रहा है। वह पत्नी के लिए खाना लेकर अपने चचेरे भाई उपेंद्र राम के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान कवलपुर चौक के समीप बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर जख्मी हो गये।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सहयोग राम को मृत घोषित कर दिया।वहीं, उपेंद्र राम का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। मामले में थाना पुलिस में आवेदन नहीं मिला है।

