नवनियुक्त पैरा लीगल वॉलंटियर्स प्रशिक्षण का आयोजन,दिए गए लीगल जानकारी
मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण, के द्वारा नव नियुक्त पैरा लीगल वॉलंटियर्स के लिए इंडक्शन एवं क्षमता निर्माण प्रशिक्षण आयोजन सिविल कोर्ट परिसर स्थित एडीआर भवन में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 100 नव चयनित वॉलिंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एडीजे-1 सुरेन्द्र प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पुनीत कुमार तिवारी एवं डीएलएसए सचिव नितिन त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर दिया। इस अवसर पर लॉ फाउंडेशन के निदेशक प्रवीण कुमार सहित संस्था के सदस्य शुभेंदु कुमार, दीपशिखा, रिया एवं आनंद की उपस्थिति रही।
डीएलएसए सचिव नितिन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में पीएलभी को उनके दायित्वों, कर्तव्यों एवं कार्य प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जबकि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक विधिक सहायता पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी को निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान डीएलएसए के सहायक राजेश कुमार ने प्रतिभागियों को प्राधिकरण की कार्यप्रणाली एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया। वहीं, लॉ फाउंडेशन के संसाधन व्यक्ति सुनील झा द्वारा विस्तृत सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने डीएलएसए के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ पोक्सो अधिनियम एवं किशोर न्याय से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

