सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य आयोजन, एनसीसी कैडेट्स ने निकाला ‘यूनिटी मार्च’
– सांसद राधा मोहन सिंह ने पटेल चौक पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि
– 25 बिहार बटालियन एनसीसी के हजारों कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशसेवा का लिया संकल्प
मोतिहारी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर 25 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में ‘यूनिटी मार्च’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसके अंतर्गत जिला स्कूल से पटेल चौक तक एनसीसी कैडेट्स द्वारा भव्य पदयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों कैडेट्स ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। पटेल चौक पर आयोजित मुख्य समारोह में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष सांसद राधा मोहन सिंह ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव एवं देशसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
माल्यार्पण कार्यक्रम के उपरांत एनसीसी कैडेट्स एवं उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देशसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने की सामूहिक शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद एनसीसी कैडेट्स ने ऐतिहासिक चरखा पार्क का अवलोकन किया।
इस अवसर पर एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड के अपर महानिदेशक मेजर जनरल रविंद्र सिंह, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय मुजफ्फरपुर के ग्रुप समादेष्टा ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा, मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार एवं नगर आयुक्त आशीष कुमार सहित जिले के अनेक विशिष्ट अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा हजारों की संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।

