जिले के 125 फरार चल रहे अपराधियों पर साढ़े 6 लाख का इनाम घोषित
7 दिन का अल्टीमेटम , आठवें दिन से संपति कुर्क की होगी कारवाई
मोतिहारी। एसपी स्वर्ण प्रभात ने जिले भर में 125 फरार अपराधियों पर कुल 6.54 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों को 7 दिनों के अंदर कोर्ट में सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है लगे हाथ यह भी कहा गया है कि ऐसा नहीं करने पर फरार आरोपियों के घर कुर्की जब्ती की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उक्त अपराधियों में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, दुष्कर्म, शराब और स्पिरिट तस्करी समेत कई गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं। पुलिस की ओर से जारी सूची में हत्या के 19, आर्म्स एक्ट के 15, लूट के 14 और एनडीपीएस एक्ट के 10 आरोपी शामिल हैं। वहीं, उत्पाद अधिनियम के तहत 32 फरार अभियुक्तों पर भी इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस ने सभी वांछित अभियुक्तों को सात दिनों के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा में सरेंडर नहीं करने पर उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने आम लोगों से फरार अपराधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक का मोबाइल नंबर 90318 27100 जारी किया गया है।

