विश्व प्रसिद्ध केसरिया स्तूप के विकास की दिशा में सरकार तत्पर
पर्यटन अपर सचिव ने स्तूप सहित आसपास के स्थलों का निरीक्षण किया
केसरिया।पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर बुधवार को केसरिया पहुंच कर विश्व प्रसिद्ध बौद्ध स्तूप का निरीक्षण किया। उनके साथ पूर्व क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक डॉ. एस सुधाकर, डीएम सौरभ सुमन यादव, चकिया एसडीओ शिवानी शुभम, बीडीओ कुमुद कुमार, सीओ पूनम मिश्रा, बीईओ विनय तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने कैफेटेरिया परिसर में विकसित किए जा रहे टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का जायजा लिया तथा वहां चल रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात उन्होंने बौद्ध स्तूप का निरीक्षण किया और एएसआई पटना अंचल के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. हरिओम शरण से स्तूप के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व की जानकारी ली।
उन्होने कहा कि केसरिया बौद्ध स्तूप और इसके आसपास के क्षेत्र के समुचित विकास तथा पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थल का निरीक्षण किया गया है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के साथ समन्वय स्थापित कर विकास की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी। जबकि पर्यटन और पुरातत्व की दृष्टि से इस स्थल को आने वाले समय में और विकसित किया जाएगा। विकास कार्यों के लिए जितनी भूमि की आवश्यकता होगी, उसके अधिग्रहण की कार्रवाई भी की जाएगी। सभी आयुवर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

