मोतिहारी पुलिस की बड़ी सफलता,चोरी की 28 बाइक बरामद,गिरोह के 12 सदस्य गिरफ्तार

मोतिहारी पुलिस की बड़ी सफलता,चोरी की 28 बाइक बरामद,गिरोह के 12 सदस्य गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

– जाली कागजात, फर्जी इंजन-चेसिस नंबर और नंबर प्लेट के सहारे चल रहा था गिरोह

पूर्वी चंपारण। जिला पुलिस ने बाइक चोरी के संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कारवाई करते हुए चोरी की 28 बाइक बरामद की है।उक्त कारवाई चिरैया एवं शिकारगंज थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान में की है। इस दौरान पुलिस ने 28 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

बुधवार को चिरैया थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि चिरैया थाना पुलिस ने 21 चोरी की बाइक के साथ आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि शिकारगंज थाना पुलिस ने सात चोरी की बाइक बरामद कर चार आरोपितों को दबोचा। दोनों थानों की कार्रवाई में कुल 28 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। एसडीपीओ ने बताया कि 28 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि चिरैया थाना क्षेत्र के छोटा मिश्रौलिया गांव में चोरी की मोटरसाइकिलों का जाली दस्तावेज तैयार कर तथा इंजन व चेसिस नंबर की फर्जी पंचिंग कर खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में चिरैया निवासी संदीप कुमार, छोटा मिश्रौलिया निवासी कृष्णनंदन साह, राहुल कुमार, जसमुद्दीन, रामविनय कुमार, मो. शमशेर आलम, शमशुद्दीन देवान तथा गोखुला निवासी रमेश साह शामिल हैं। इनके कब्जे से हीरो कंपनी की 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों के असली इंजन एवं चेसिस नंबर मिटाकर उन पर दूसरे वाहनों के नंबर पंच कर देते थे। इसके बाद उसी नंबर से संबंधित फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन को वैध दिखाने का प्रयास किया जाता था।

गिरोह के सदस्य कागजात नहीं होने का बहाना बनाकर इन मोटरसाइकिलों को 25 से 30 हजार रुपये में बेच देते थे, जिससे खरीदारों को भी संदेह नहीं होता था। एसडीपीओ ने बताया कि चिरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की पहचान की जा रही है।

पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़े कई और लोगों की गिरफ्तारी होगी तथा अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की जाएंगी।  एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल में पर्यवेक्षी पदाधिकारी सह इंस्पेक्टर मो. सलाउद्दीन, चिरैया थानाध्यक्ष अंबेश कुमार, शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार, सब इंस्पेक्टर मधुकर कुमार, नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार तथा चिरैया एवं शिकारगंज थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page