बांकीपुर उपचुनाव में चुनाव प्रचार थमा,सभी पार्टियों ने झोंकी अपनी ताकत,30 जुलाई को वोटिंग

बांकीपुर उपचुनाव में चुनाव प्रचार थमा,सभी  पार्टियों ने झोंकी अपनी ताकत,30 जुलाई को वोटिंग
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए मंगलवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया हालांकि प्रचार के अंतिम दिन सभी प्रमुख दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और हालिया छात्र आंदोलन को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाते हुए मतदाताओं को साधने का प्रयास किया।जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके किशोर लंबे समय से बिहार की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की वकालत करते रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट के प्रश्नपत्र लीक के विरोध में हुए हालिया छात्र आंदोलन का राजनीतिक लाभ उन्हें बांकीपुर में मिल सकता है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कुछ सप्ताह में जन सुराज के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ने का प्रयास किया है।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई यह सीट पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का विषय बनी हुई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के अन्य नेताओं ने सोमवार को संयुक्त रोड शो किया था।

वहीं, मंगलवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी रोड शो कर भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया। हालांकि बांकीपुर में मुख्य मुकाबला भाजपा और प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है, लेकिन चुनाव मैदान में कुल 25 उम्मीदवार हैं।इनमें राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता भी प्रमुख प्रत्याशी हैं। रेखा गुप्ता नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में उपविजेता रही थीं, जिसमें भाजपा के नितिन नवीन ने 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

चुनाव प्रचार के शुरुआती दौर में राजद के कई वरिष्ठ नेताओं के राज्य से बाहर रहने के कारण रेखा गुप्ता का अभियान धीमा रहा।हालांकि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के लौटने के बाद पार्टी के प्रचार अभियान में तेजी आई। तेजस्वी यादव ने पिछले दो दिनों में बांकीपुर में व्यापक जनसंपर्क किया और छात्र आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सत्तारूढ़ राजग पर निशाना साधा।

वहीं, भाजपा नीत राजग को उम्मीद है कि विपक्षी मतों के बंटवारे का लाभ उसे मिलेगा और वह इस सीट को बरकरार रखने में सफल रहेगा।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page