संत रविदास की 650वीं जयंती पर उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान
मोतिहारी। चंद्रहिया स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को संत शिरोमणि रविदास जी की 650 वीं जयंती कार्यशाला के साथ श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पवन राज तथा संचालन महामंत्री संजय चौधरी ने किया।
इस अवसर पर संत रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, ढाका संगठन जिला प्रभारी शैलेन्द्र मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से संत रविदास जी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर ही समरस और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
विधायक प्रमोद कुमार ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारा, समरसता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की। विधायक एवं पूर्व मंत्री कृष्णनंदन पासवान ने कहा कि संत रविदास जी का समानता, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
विधायक श्यामबाबू यादव ने संत रविदास जी के प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जीवन का बड़ा संदेश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार संत रविदास सहित सभी महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।
जिलाध्यक्ष पवन राज ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा की प्रेरणा देता है। अंत में मोतिहारी विधानसभा के सह संयोजक कामेश्वर चौरसिया के हुए निधन पर मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, प्रमोद शंकर सिंह, मनोज पासवान, सुधांशु रंजन, मीना मिश्रा, राकेश गुप्ता, विनोद कुशवाहा, गुलरेज़ शहज़ाद, पंकज सिन्हा, ऋषभ झा, ओमप्रकाश सिंह, संजय साह, नीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

