रक्सौल शहर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
-अधिकारियो की चेतावनी, दुबारा अतिक्रमण किया तो होगी कठोर कार्रवाई
रक्सौल। शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को प्रशासन ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क के किनारे, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को बलपूर्वक हटाया गया। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
नतीजतन कई लोगों ने स्वयं अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। अभियान का नेतृत्व बीडीओ राजू कुमार, सीओ अरविंद कुमार, नगर परिषद के सिटी मैनेजर अभिनाश कुमार राव तथा सफाई इंस्पेक्टर राम नरेश कुशवाहा कर रहे थे।
शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानें, ठेले-खोमचे एवं अन्य अवैध अतिक्रमण को हटा दिया गया। इस दौरान दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे सड़क, फुटपाथ और नालों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। अवैध अतिक्रमण के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अभियान के बाद यदि दोबारा सार्वजनिक भूमि या सड़क पर अवैध कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

