हाथों में हथकड़ी पहने सेंट्रल जेल से नामांकन करने पहुंचा किसान सुराज दल का प्रत्याशी
पीएम मोदी के सभा मे दिखाया था काला झंडा
सुगौली विधानसभा क्षेत्र से किया नामांकन
मोतिहारी। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को उस समय गहमागहमी मच गई,जब मोतिहारी सेन्ट्रल जेल से हाथो में हथकड़ी पहने एक शख्स सुगौली विधानसभा सीट से नामांकन करने समाहरणालय पहुंचा।उल्लेखनीय है,कि जितेंद्र तिवारी नामक इस शख्स को किसान सुराज दल ने सुगौली से अपना प्रत्याशी बनाया है।जीतेन्द्र तिवारी ने सह निर्वाची पदाधिकारी सदर एसडीएम श्वेता भारती के कार्यालय में नामांकन पर्चा दाखिल किया।
मिली जानकारी के अनुसार सुगौली विधानसभा क्षेत्र से नामांकन करने वाले जीतेन्द्र ने बीते महीने प्रधानमंत्री मोदी के चंपारण दौरे के दौरान मोदी के सभा में काला झंडा लेकर पहुंचा था,इसके साथ ही इस पर शराब के मामले भी दर्ज है।नामांकन के बाद जितेंद्र तिवारी ने मीडिया को बताया कि किसानो और मजदूरो की आवाज उठाने के कारण सत्ता के इशारे पर हमें शराब के मामले में फंसा कर जेल भेज दिया गया है।
हमने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए माननीय न्यायालय से आदेश प्राप्त कर सेंट्रल जेल से सीधा निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंच कर अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है,इस दौरान उन्होंने सुगौली विधानसभा की जनता से अपील किया है कि वे हमे अधिक से अधिक वोटो से हमें विजयी बनाकर भेजे,ताकि विधानसभा में किसानो की आवाज बुलंद हो सके।

