गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि को देख डीएम-एसपी ने संबंधित अभियंता को अलर्ट किया
मोतिहारी। नेपाल में हो रही मूसलाधार बारिश का असर पूर्वी चंपारण की नदियों पर होने लगा है। लगातार हो रही बारिश के कारण बाल्मीकि नगर बराज से 176800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जिसका दबाव गंडक नदी के जलस्तर पर पड़ने लगा है।
फलस्वरूप जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक,स्वर्ण प्रभात ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल मोतिहारी के कार्यपालक अभियंता ई. रंजन प्रकाश, सहायक अभियंता शांतनु कुमार एवं कनीय अभियंता ई. दिपेश कुमार के साथ चंपारण तटबंध के कि.मी. 104 के समीप 1.1 कि.मी. अंदर नदी भाग में अवस्थित संग्रामपुर थाना अंतर्गत तिवारी टोला का निरीक्षण किया।

तिवारी टोला नदी के किनारे से वर्तमान में 125 मीटर से अधिक दूरी पर अवस्थित है।जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को उक्त स्थल पर सूक्ष्म निगरानी रखने एवं कटाव की स्थिति उत्पन्न होने पर बचाव संबंधी हरसंभव तैयारी का निदेश दिया।

