चोरी की बाइक और नेपाली शराब सहित चार तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी। कुंडवाचैनपुर थाना क्षेत्र के बरेवा बॉर्डर के रास्ते होते हुए ढाका जाने वाले पथ में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चोरी की बाइक , नेपाली शराब एवं मोबाइल फोन जप्त किया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पुलिस ने एक बड़े शराब तस्करी के सिंडिकेट सहित चोरी की बाइक खरीद बिक्री करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है।
बताया गया कि गुप्त सूचना के आलोक में पुलिस ने सर्च अभियान चलाया , इस बीच बाइक और नेपाली शराब के साथ सहित दो लोग पकड़े गए , जिनके निशानंदेही पर अन्य जगहों पर छापेमारी करते हुए चोरी की चार बाइक सहित कुल 5 बाइक , चार मोबाइल फोन एवं 26.4 लीटर नेपाली शराब जप्त किया गया। इसके साथ ही कुल 4 लोग गिरफ्तार किए गए जबकि एक विधि विरुद्ध बालक निरुद्ध किया गया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति में ढाका बरेवा का नूर आलम , ढाका कुसुमहवा का मोहम्मद सैनुल्लाह , कुंडवाचैनपुर दोस्तीया का अरविंद सिंह , चिरैया धरहरवा का रंजन यादव उर्फ नीरज यादव शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों से सघन पूछताछ करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है । जिसके आलोक में आगे भी पुलिस की कारवाई होगी। पुलिस टीम में डीएसपी सिकरहना अभिषेक कुमार , घोड़ासाहन अचल निरीक्षक धनंजय कुमार निर्दोष, कुंडवाचैनपुर थाना अध्यक्ष राहुल कुमार , चिरैया थाना अध्यक्ष अंबेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

