पूर्वी चम्पारण जिले के 71 पंचायतों में पांचवे चरण में 21 जुलाई को होगा सहयोग शिविर का आयोजन
मोतिहारी। जिला प्रशासन द्वारा पांचवे चरण के सहयोग शिविर के आयोजन को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। पांचवे चरण का सहयोग शिविर पूर्वी चंपारण में 21जुलाई 2026 को जिला के शेष बचे सभी 23 प्रखंडों के 71 पंचायत में आयोजित किया जाएगा। आम नागरिकों को उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करने तथा उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए बिहार सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन रोस्टर के अनुसार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के द्वारा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि उनको जो प्रखंड एवं पंचायत आवंटित किया गया है। वहां सहयोग शिविर को सफल बनाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी से आवश्यक समन्वय बनाकर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित कराएं।
सहयोग शिविर के आयोजन से संबंधित जानकारी टोल फ्री नंबर 1100 के माध्यम से सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक प्राप्त किया जा सकता है । साथ ही विभागीय पोर्टल sahyog.bihar.gov.in पर ऑनलाइन परिवाद दर्ज किया जा सकता हैं। परिवाद दर्ज करने की तिथि से 30 दिनों के अंदर इसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

