लेखापाल के खाते से साइबर ठगी, 41 हजार रुपये उड़ाए
पीड़ित ने दर्ज कराया एफआईआर
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के पशुरामपुर गांव में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक लेखापाल के बैंक खाते से 41 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित लेखपाल रमेश कुमार ने इस संबंध में साइबर थाना और तुरकौलिया थाना में आवेदन दिया है। आवेदन के आधार पर तुरकौलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित रमेश ने बताया कि वह अगरवा स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट संदीप भारती के कार्यालय में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। बताया कि 9 जुलाई की रात अचानक उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज आया। जब उन्होंने मैसेज चेक किया तो पता चला कि दो बार में कुल 41 हजार रुपये उनके खाते से निकाल लिए गए हैं।
रमेश कुमार के अनुसार, उन्होंने न तो किसी को चेक दिया है और न ही अपने बैंक खाते या एटीएम से संबंधित कोई गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा की है। बावजूद खाते से पैसे ट्रांसफर हो जाने से वह हैरान हैं। अगले दिन जब वह बैंक पहुंचे तो जानकारी मिली कि उनके खाते से राशि किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर की गई है।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना साइबर थाना और स्थानीय पुलिस को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरकौलिया थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि साइबर ठगी के इस मामले की गहन जांच की जा रही है। संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

