डबल मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में घायल, पैर में लगी 2 गोली
वैशाली। जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में बीते रविवार को हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी के साथ सोमवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में आरोपी जगदीश राय को गोली लगी, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया है।जगदीश राय को दो गोली लगी है। पुलिस वाहन पर भी फायरिंग की गई। दो गोली पुलिस वाहन पर लगी है।जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली की मुख्य आरोपी जगदीश राय बिदुपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर पूर्वी आम के गाछी में छुपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस चारों तरफ से घेर लिया।
इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में जगदीश राय घायल हो गया।जानकारी के अनुसार रजासन गांव में जमीन और रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बीते रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी जगदीश राय ने अपने पिता मुरली राय के साथ मिलकर अपने ही चाचा मुनारीक राय और चचेरे भाई सेना के जवान जितेंद्र कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ सुबोध कुमार के निर्देश पर बिदुपुर थाना पुलिस ने छापेमारी के दौरान रजासन के पास आरोपी को घेर लिया।पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख जगदीश राय ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की।पुलिस सूत्रों के मुताबिक घायल आरोपी जगदीश राय का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या सहित कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि पुलिस वालों पर गोली चली है, हालांकि किसी पुलिस वालों को गोली नहीं लगी है।पुलिस वाहन पर दो गोली लगी है। घायल जगदीश राय का स्थिति सामान्य है। दोनों पैर के घुटने के पास गोली लगी और बाहर निकल गई है।स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

