हरसिद्धि में हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर मिस्त्री गंभीर रूप से जख्मी

हरसिद्धि में हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर मिस्त्री गंभीर रूप से जख्मी
Facebook WhatsApp

-पावर हॉउस से बगैर बिजली बंद कराये पोल पर चढ़ गया था मिस्त्री

मोतिहारी। हरसिद्धि प्रखंड अंतर्गत चढ़रहिया पंचायत के खोड़ीपाकड़ ताकया के समीप शनिवार को बिजली मरम्मत कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से एक मिस्त्री  पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान गड्डूपुर निवासी अनूप कुमार के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में मानवबल के रूप में कार्यरत है। मिली जानकारी के अनुसार मटियारिया कृषि फीडर में आई खराबी को ठीक करने के लिए उक्त कर्मी खोड़ी पाकड़ ताकया  पर पहुंचा था। इस दौरान पावर हाउस से बिजली सप्लाई बंद कराए बिना ही अनूप 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल पर चढ़ गया।

इसी दौरान वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और झुलसकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। घायल अनूप को तत्काल उठाकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने के कारण युवक बुरी तरह झुलस गया था, लेकिन समय रहते अस्पताल पहुंचा दिए जाने से उसकी जान बच गई।

इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना बिजली सप्लाई बंद कराए कर्मी को पोल पर चढ़ाना बड़ी लापरवाही मानी जा रही है, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं, बिजली विभाग के कनीय अभियंता ने बताया कि घायल मानवबल का इलाज जारी है और अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। विभागीय स्तर पर मामले की समीक्षा की जा रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page