कार्त्तिक पूर्णिमा पर सिकरहना नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
सुगौली। थाना क्षेत्र के सुकुलपाकड़ पंचायत अंतर्गत लालपरसा स्थित बूढ़ी गंडक नदी (सिकरहना) के विभिन्न घाटों पर पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार की सुबह हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
तड़के सुबह से ही नदी घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने नदी में पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
इस दौरान घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। लोगों ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूर्णिमा के अवसर पर नदी घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते नजर आए।

