अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है गुरु परम्परा : राजनाथ सिंह

अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है गुरु परम्परा : राजनाथ सिंह
Facebook WhatsApp

लखनऊ। गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को याहियागंज गुरुद्वारे में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने गुरुद्वारा पहुंचकर गुरु नानक देव के चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के उद्घोष के साथ की। प्रकाश उत्सव की बधाई देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सिख इतिहास में सेवा, करुणा और त्याग के साथ वीरता, शौर्य एवं बलिदान की गौरवशाली परंपरा भी दिखाई देती है। गुरु परंपरा हमें मानवता की सेवा, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और धर्म एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान, चार साहिबजादों की शहादत और गुरु गोबिंद सिंह जी का अदम्य साहस सिख इतिहास की अमूल्य धरोहर हैं।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि गुरुपर्व केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, शौर्य और बलिदान को स्मरण करने का दिन भी है। गुरु नानक देव जी के संदेशों को जीवन में आत्मसात करना ही प्रकाश पर्व की सच्ची सार्थकता है। इस पावन अवसर पर गुरु घर के आंगन में मन श्रद्धा और शांति से भर जाता है।

उन्होंने कहा कि मैं यहां जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं बल्कि एक श्रद्धालु और सेवक के रूप में उपस्थित हूं। वाहेगुरु जी के चरणों में अरदास करता हूं कि सभी संगत खुशहाल रहे और देश अमन, चैन एवं एकता के साथ आगे बढ़ता रहे।उन्होंने अंत में एक बार फिर ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ का उद्घोष करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा एवं राम चंद्र प्रधान मौजूद रहे।

सभी ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी को नमन किया तथा संगत के बीच बैठकर श्रद्धापूर्वक कीर्तन सुना।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page