शॉर्ट सर्किट से लगी आग में राशन डीलर दंपति की दर्दनाक मौत से गांव में मातम 

शॉर्ट सर्किट से लगी आग में राशन डीलर दंपति की दर्दनाक मौत से गांव में मातम 
Facebook WhatsApp

– कमरें में सो रही पत्नी को बचाने के प्रयास में पति भी गंभीर रूप से झुलसा, इलाज के दौरान मौत 

पूर्वी चंपारण। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र स्थित बिजुलपुर पंचायत के चैनपुर टिकुलिया गांव में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में घर के अंदर सो रहे जन वितरण प्रणाली के डीलर और उनकी पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात भोजन के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सो गए थे। रात करीब ढाई बजे बिजली गुल होने पर घर के लोगों की नींद खुली। कमरे में धुआं और जलने की गंध महसूस होने पर वे पीडीएस डीलर रामबरण प्रसाद (65) के कमरे की ओर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर देखा कि कमरे में आग लगी हुई है और दंपती गंभीर रूप से झुलस चुकी हैं।

परिजनों ने किसी तरह दोनों को कमरे से बाहर निकाला, लेकिन निर्मला देवी (63) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। करीब 70 प्रतिशत झुलसे रामबरण प्रसाद को पहले मोतिहारी के निजी अस्पतालों में ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति के कारण भर्ती नहीं किया गया। बाद में उन्हें सदर अस्पताल मोतिहारी से एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गयी। इस घटना में बिजली का बोर्ड, मोबाइल फोन, एलसीडी, पलंग, बिस्तर और कमरे में रखे अन्य सामान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गये।

परिजनों ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद ही दोनों को बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किया। सदर डीएसपी-वन दिलीप कुमार और थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page