सांसद ने श्री गौशाला, मोतिहारी के विकास के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा, नवगठित कार्यसमिति के सदस्यो को किया सम्मानित
मोतिहारी। नाका नंबर–2 के सामने स्थित श्री गौशाला, मोतिहारी में नवगठित कार्यसमिति के साथ सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने शनिवार को गौशाला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवगठित कार्यसमिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समिति गठन के उपरांत सांसद श्री सिंह ने गौशाला परिसर की व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं एवं चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौ संरक्षण केवल धार्मिक भावना का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा है।
वर्तमान समय की आवश्यकता है कि गौशालाओं को आधुनिक संसाधनों, बेहतर प्रबंधन और जनसहभागिता के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं आदर्श संस्थान के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित कार्यसमिति पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए इसे एक आदर्श गौ संरक्षण संस्था के रूप में स्थापित करेगी। .
सांसद श्री सिंह ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से श्री गौशाला के विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। उनके इस निर्णय का उपस्थित लोगों ने जोरदार स्वागत करते हुए इसे गौशाला के पुनरुत्थान एवं विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया।
गौरतलब है कि सांसद राधा मोहन सिंह की पहल पर श्री गौशाला के पुनरुत्थान एवं सुव्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से नई कार्यसमिति का गठन किया गया। समिति का गठन गौशाला के पदेन अध्यक्ष अनुमंडलाधिकारी सदर की देखरेख में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ।नवगठित कार्यसमिति में डॉ. अशोक कुमार एवं प्रभात कुमार को उपाध्यक्ष, मधुसूदन जलान को सचिव, धर्मेंद्र कुमार स्वर्णकार एवं उत्तम मिश्रा को सह सचिव, अनिल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा सुधीर कुमार गुप्ता को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।
वहीं अमरनाथ साहू, सुधांशु रंजन, केदार प्रसाद, डॉ. विवेक गौरव, डॉ. अमित कुमार तथा जिला पशुपालन पदाधिकारी (पदेन) को कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आशिष कुमार, उप महापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद, गुलरेज शहजाद, डॉ. राजेश श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं गौसेवा से जुड़े लोग उपस्थित थे।

