पताही सीएचसी में इलाज के लिए मरीज की हुई मौत,परिजनो का आरोप आक्सीजन के अभाव में हुई मौत,जमकर किया हंगामा
पूर्वी चंपारण। जिले के पताही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार सुबह एक मरीज की मौत हो गई। स्वजनों ने ऑक्सीजन न मिलने के कारण मरीज की मौत का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पकड़ीदयाल की अनुमंडल पदाधिकारी ने भी इस मामले में दो सदस्यीय प्रशासनिक टीम का गठन किया है।
बताया गया है कि पताही के वार्ड संख्या-तीन निवासी 65 वर्षीय बैजू राउत रविवार सुबह अचानक बीमार पड़ गए थे। स्वजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां सुबह करीब सात बजे उनका इलाज शुरू हुआ। थोड़ी देर बाद उनकी मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद स्वजनों ने ऑक्सीजन न मिलने को मौत का कारण बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ. उमेश प्रसाद ने बताया कि बैजू राउत को दिल का दौरा पड़ा था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि ऑक्सीजन समय से उपलब्ध नहीं हो सका। डॉ. प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में एईएस ऑक्सीजन का सिलेंडर रखा जाता है, लेकिन जिस कक्ष में यह सिलेंडर था, उसमें ताला लगा हुआ था। इस कक्ष की चाबी अस्पताल में कार्यरत एक एएनएम के पास रहती है। रात में अस्पताल से जाते समय वह चाबी अपने साथ ले गई थी,जिसके कारण मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल पाया।
अनुमंडल पदाधिकारी मंगला कुमार ने डीसीएलआर राकेश रंजन और पताही के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गुलफान आलम के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सदर अस्पताल के दो वरीय चिकित्सकों के नेतृत्व में भी एक जांच टीम गठित की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

