बांकीपुर उपचुनाव: जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर 13 जुलाई को करेंगे नामांकन

बांकीपुर उपचुनाव: जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर 13 जुलाई को करेंगे नामांकन
Facebook WhatsApp

पटना। जन सुराज पार्टी के प्रदेश कार्यालय पटना में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की।इस दौरान उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और तैयारियों की जानकारी दी।

मनोज भारती ने बताया कि जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे स्काउट गाइड मैदान, छज्जूबाग में कार्यकर्ता और समर्थक जुटेंगे। इसके बाद सभी लोग प्रशांत किशोर के साथ नामांकन के लिए पटना समाहरणालय जाएंगे।

पार्टी ने नामांकन को भव्य और जनभागीदारी वाला कार्यक्रम बनाने की तैयारी की है।मनोज भारती ने कहा कि जन सुराज कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी का लक्ष्य बांकीपुर की जनता के बीच अपनी उपस्थिति को और मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि नामांकन सिर्फ औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि जनता के समर्थन का प्रदर्शन भी होगा। जन सुराज नेतृत्व का दावा है कि बांकीपुर में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी इस चुनाव को बिहार की राजनीति में नई दिशा देने वाला मान रही है।

जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि बांकीपुर में चुनावी अभियान पूरी रफ्तार से चल रहा है। उन्होंने बताया कि सभी 422 बूथों और 24 वार्डों में पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय हैं।उनके मुताबिक जनता का समर्थन लगातार प्रशांत किशोर के पक्ष में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता खुद इस चुनाव को अपना चुनाव मानकर आगे बढ़ रही है।

पार्टी का दावा है कि विधानसभा में बिहार के मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है। इसी सोच के साथ जन सुराज चुनाव मैदान में उतरी है।कुमार सौरभ ने राज्य सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जनता के बीच असंतोष का माहौल बना है।

जन सुराज का मानना है कि यह चुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं है। बल्कि यह बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का अवसर भी है।

उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव राज्य की राजनीति पर बड़ा असर डाल सकता है। पार्टी इसे बदलाव और नए जनादेश के रूप में देख रही है।प्रेस वार्ता के दौरान चर्चित शिक्षक रामांशु सर ने जन सुराज की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उन्हें गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में शिक्षित और जागरूक लोग जन सुराज से जुड़ना चाहते हैं। पार्टी ऐसे लोगों के अनुभव और विचारों का उपयोग बिहार के विकास के लिए करना चाहती है।

मनोज भारती ने रामांशु सर के शामिल होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि रामांशु सर जैसे शिक्षित लोगों का जुड़ना पार्टी की ताकत है। उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य पढ़े-लिखे और अनुभवी लोगों को एक मंच पर लाना है।

वहीं रामांशु सर ने कहा कि बिहार की राजनीति लंबे समय से जाति और धर्म के इर्द-गिर्द घूमती रही है। उनके अनुसार जन सुराज विकास और लोगों के अधिकारों की बात करती है।उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को उनका हक और विकास मिल सके। रामांशु सर ने इसे बिहार में नई राजनीतिक सोच की शुरुआत बताया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page