भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई,20 बोरी उर्वरक एवं दो बाइक के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
बनकटवा। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की आसूचना शाखा को शुक्रवार क़ी अहले सुबह विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि कुछ तस्कर बरेला गांव के रास्ते भारत से नेपाल की ओर अवैध रूप से उर्वरक की तस्करी करने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी ने तत्काल विशेष नाका लगाकर निगरानी शुरू कर दी।
करीब 6:20 बजे दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बड़ी मात्रा में उर्वरक लादकर भारत से नेपाल की ओर जाते हुए दिखाई दिए। नाका दल को देखते ही दोनों तस्कर मोटरसाइकिल और उर्वरक छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। एसएसबी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया।
पीछा करने के दौरान एसएसबी ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंतरराष्ट्रीय सीमा निकट होने का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहा। गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम दशरथ यादव, पिता गणेश राय, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरेला, पोस्ट छौड़ादानो, थाना जितना, जिला पूर्वी चम्पारण (बिहार) बताया।
घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की तलाशी के दौरान एसएसबी को अलग-अलग स्थानों पर उर्वरक की बोरियां बरामद हुईं। जब्त सामग्री में 45-45 किलोग्राम की 7 बोरी यूरिया, 50-50 किलोग्राम की 3 बोरी ग्रो प्लस जिंक तथा 50-50 किलोग्राम की 10 बोरी डीएपी शामिल हैं।
कुल मिलाकर 20 बोरी उर्वरक और दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं।एसएसबी ने सभी बरामद सामान की विधिवत जब्ती सूची तैयार की। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त उर्वरक एवं दोनों मोटरसाइकिलों को सीमा शुल्क कार्यालय, मोतिहारी को सुपुर्द कर दिया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

