मुख्यमंत्री ने की पटना मेट्रो परियोजना की समीक्षा, 2 जुलाई को मलाहीपकड़ी तक मेट्रो विस्तार का होगा लोकार्पण
पटना मेट्रो परियोजना समयसीमा में पूरी करें, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : मुख्यमंत्री
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 जुलाई 2026 को पटना मेट्रो रेल परियोजना का विस्तार मलाहीपकड़ी तक आम जनता को समर्पित किया जाएगा। इस विस्तार के शुरू होने से राजधानीवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, यात्रा का समय कम होगा और शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक आधुनिक, सुरक्षित तथा सुविधाजनक बनेगी।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट कार्ययोजना और समयसीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न निर्माण स्थलों पर समानांतर रूप से तेजी से कार्य करने, नियमित मॉनिटरिंग तथा सतत समीक्षा के माध्यम से परियोजना को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण के दौरान आम लोगों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने के लिए प्रभावी एवं वैज्ञानिक ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। साथ ही पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो के संचालन से राजधानीवासियों को सुरक्षित, तेज, आधुनिक और विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों का आवागमन अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सैटेलाइट टाउनशिप का विकास समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से किया जाना आवश्यक है।
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा पटना मेट्रो रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने न्यू आईएसबीटी से आकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर-1 और न्यू आईएसबीटी से मीठापुर (जगनपुरा होते हुए) तक निर्माणाधीन कॉरिडोर सहित पूरी परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

