नेपाल से भारत लाई जा रही साढे तीन क्विंटल गांजा की खेप जब्त
– पुलिस ने ट्रक चालक को दबोचा
रक्सौल। सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरैया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक के गुप्त तहखाने से लगभग 3.5 क्विंटल गांजा बरामद किया है।
इस दौरान ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि बरामद गांजा की यह खेप नेपाल से भारत लाकर विभिन्न राज्यों में खपाने की तैयारी थी। इस संबंध में डीएसपी मनीष आनंद,हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय स्रोतों से सूचना प्राप्त हुई थी कि नेपाल की ओर से आईसीपी (इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट) मार्ग के रास्ते भारी मात्रा में गांजा की खेप भारत लाई जा रही है। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को सीमावर्ती क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर सतर्क रहने तथा सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने बताया कि गठित टीम द्वारा बाईपास ओवरब्रिज के समीप वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रहे ट्रक संख्या बीआर 01 जीएन 4353 को रोककर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अंदर कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान ट्रक में बेहद चालाकी से बनाए गए एक गुप्त तहखाने का पता चला। जब तहखाने को खोला गया तो उसमें बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा को जब्त कर लिया तथा ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। बरामद गांजा का वजन करीब 4 क्विंटल बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में गांजा की बरामदगी सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पूछताछ के दौरान चालक ने कई अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गांजा की यह खेप नेपाल से लाई जा रही थी और इसे भारत के विभिन्न शहरों एवं राज्यों में पहुंचाने की योजना थी।
पुलिस अब चालक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुट गई है। संभावना जताई जा रही है कि इस धंधे में कई अन्य तस्कर एवं गिरोह भी शामिल हो सकते हैं। थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। मामले में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही ट्रक के मालिक, खेप भेजने वाले और रिसीवर की पहचान करने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा का उपयोग कर कुछ तस्कर मादक पदार्थों की अवैध तस्करी का प्रयास करते हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार चलाए जा रहे अभियान के कारण उनके मंसूबे लगातार विफल हो रहे हैं। सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। हरैया पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

