एसएसबी व चिरैया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 39 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी/चिरैया। भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को चिरैया थाना पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। थाना क्षेत्र के खोड़ा गांव में की गई छापेमारी के दौरान 39 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जबकि एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
चिरैया थानाध्यक्ष अंबेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि खोड़ा गांव में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न बोरों में छिपाकर रखा गया कुल 39 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से पुलिस ने खोड़ा गांव निवासी सुरेंद्र गिरी के पुत्र असेसर गिरी को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद गांजा को जब्त कर थाना लाया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

