सुरेश सिंह की पुण्यतिथि पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित
-बेटे-बेटिया दिवंगत पिता के यश, कृति के लिए पुण्य तिथि पर करते है परमार्थ
कोटवा। प्रखंड के जसौली पंचायत स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में बुधवार को समाजसेवी एवं भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष रहे स्व. सुरेश कुमार सिंह की 19वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा के साथ विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्व. सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में सर्जरी, नेत्र, शिशु रोग, दंत रोग, त्वचा रोग एवं किडनी संबंधी बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने स्वर्गीय सुरेश कुमार सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्व. सिंह भाजपा के अत्यंत पुराने, कर्मठ एवं समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने कोटवा सहित जिले में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
विधायक ने कहा कि वे भाजपा प्रखंड अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके थे और उनका पूरा जीवन सादगी, समाजसेवा तथा संगठन के प्रति समर्पित रहा। उनके सुयोग्य बच्चे उनकी कृति में चार चांद लगा रहे है। इस मौके ओर मोतिहारी के कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने निशुल्क मरीजों का इलाज किया और मुफ्त दवाओं का वितरण किया गया।
आयोजन में उनके पुत्र शेखर सिंह, अंशु सिंह एवं पुत्री सौम्या शेखर ने सराहनीय प्रयास किए। इस मौके पर अरुण सिंह, सुशील सिंह, सकलदीप सिंह, पूर्व मुखिया रामतपस्या ठाकुर , समाजसेवी उमाकांत सिंह , मनु सिंह , उमेश कुमार सिंह, रवींद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

