8.8 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.8 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार क़ी रात्रि खुफिया सूचना मिलने पर 71वीं वाहिनी एसएसबी बीओपी झांझरा और चिरैया थाना पुलिस ने सीमा स्तंभ संख्या 363 के पास भारतीय क्षेत्र में लगभग 14 किलोमीटर अंदर विशेष नाका जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान नेपाल से भारत में तस्करी कर लाई जा रही 8.8 किलोग्राम गांजा एक पैकेट में बरामद किया गया। टीम ने मौके पर ही तस्करी की इस खेप को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान अधेशर गिरी 40 को गिरफ्तार किया गया। वह सुरेंद्र गिरी का पुत्र है और खोरा, पोस्ट मठिया भोपत, थाना चिरैया, का निवासी बताया गया है। गिरफ्तार आरोपी और बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चिरैया थाना को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मामले की विस्तृत जांच जारी है।पुलिस और एसएसबी अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों ने इसे भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

