एनएच की जमीन से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी
-दूसरे दिन खजुरिया में चला बुलडोजर
कोटवा। गढ़वा खजुरिया चौक से लेकर राजापुर मठिया तक राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने गुरुवार को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाकरअतिक्रमण मुक्त कराया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कई स्थानों पर अवैध रूप से बनाए गए निर्माण और कब्जों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही, जबकि प्रशासन ने पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
अंचलाधिकारी मोनिका आनंद ने बताया कि पहले संबंधित भूमि की पैमाइश कराई गई, जिसके बाद एनएच की जमीन पर पाए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई है। सीओ ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताते है कि एक दिन पहले से एनएच किनारे किए गए कब्जे को हटाने की मुहिम शुरू की गई है जो आगे भी जारी रहेगी। सीओ ने बताया कि अभी भी कई स्थानों पर अतिक्रमणकारी की पहचान की गई है, जिन्हें चिन्हित भी कर लिया गया है , अब शीघ्र ही अवैध कब्जे को खाली कराया जाएगा।
इसके लिए प्रशासन द्वारा आगे भी अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से सड़क के किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय करने या घर बनाए हुए लोगों में हड़कंप का माहौल देखा गया। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं करने और स्वेच्छा से कब्जा हटाने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों ने भी सड़क और एनएच की जमीन को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की मांग की है।

