मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
Facebook WhatsApp

रक्सौल। थाना के सभागार में मंगलवार को आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद एवं थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, ताजिया समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने कहा कि मोहर्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सभी गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि जुलूस एवं मेले के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार लेकर चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। 

 फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों की निगरानी की जाएगी। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों के मार्ग, समय और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी ताजिया समितियों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

वक्ताओं ने आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा युवाओं को सोशल मीडिया पर संयम बरतने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में लक्ष्मण प्रसाद, वामिक हुसैन, मनोज पासवान, मोहम्मद एहतेशाम, बृजभूषण पांडे, अनिल कुमार , नायाब आलम, मुस्तजाब आलम, कन्हैया सर्राफ, रवि कुमार गुप्ता, चंचल राय सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page