केन्द्र कारा में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पूर्णतः पालन करेंः जिला सत्र न्यायाधीश
-विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सेंट्रल जेल का निरीक्षण
मोतिहारी। अभिषेक कुमार दास, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी ने केंद्रीय कारा मोतिहारी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नितिन त्रिपाठी, सचिव, डीएलएसए भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायाधीश ने कारा में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता, कारा अस्पताल की व्यवस्था, विधिक सहायता सुविधाएं, ई-मुलाकाती हेल्पडेस्क तथा महिला वार्ड का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
प्रातः लगभग 09 बजे जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने “रेडियो दोस्ती” के माध्यम से बंदियों को संबोधित करते हुए उन्हें उनके अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी तथा उन्हें सुधारात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के क्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया कि सभी बंदियों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण विधिक सहायता उपलब्ध हो तथा कारा में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित की जाए। अंत में सचिव, डीएलएसए द्वारा भी कारा प्रशासन को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने के लिए आश्वस्त किया गया, ताकि बंदियों के अधिकारों की प्रभावी रूप से रक्षा की जा सके।

