डीएम-एसपी की अपील, सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुहर्रम पर्व संपन्न कराने में सहयोग करें
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात मंगलवार को सिकरहना अनुमंडल अंतर्गत ढाका थाना परिसर में मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि सभी ताजिया जुलूस समिति लाइसेंस अवश्य ले लें।
बिना लाइसेंस के जुलूस का आयोजन नहीं करेंगे। डीजे पूर्णत प्रतिबंधित है। जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक के द्वारा बताया कि जुलूस में धारदार हथियार का प्रयोग नहीं करेंगे। किसी तरह की अफवाह नहीं फैलाएंगे। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी तरह की घटना घटित होती है तो उसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दें।
अधिकारी द्वय ने आम जनों से अपील कि है की पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने में प्रशासन का पूरा सहयोग करें। बैठक के दौरान अनुमंडल स्तरीय शांति समिति के सदस्यो के साथ सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, अनुमंडल पदाधिकारी ढाका, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ढाका सहित ढाका अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।

